khabar abhi tak

छठ पूजा पर जबलपुर रेल मंडल अलर्ट, प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था

जबलपुर. छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जबलपुर रेल मंडल ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। जबलपुर, मदन महल, कटनी, कटनी मुड़वारा, सतना, सागर, दमोह और पिपरिया स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ हेल्प डेस्क, होल्डिंग एरिया और निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है।

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देशन में इन व्यवस्थाओं को लागू किया गया है। अधिकारी और कर्मचारी लगातार इनकी निगरानी कर रहे हैं।

यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों से बचाने के उद्देश्य से जबलपुर, कटनी और कटनी मुड़वारा स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही एटीवीएम और एम-यूटीएस मोबाइल ऐप से अनारक्षित टिकट लेने के लिए यात्रियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं, जहां वाणिज्य विभाग के कर्मचारी टिकट, ट्रेन और अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं।

भीड़ नियंत्रण के लिए जबलपुर, कटनी, कटनी मुड़वारा और सतना में होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। इनका उद्देश्य यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले व्यवस्थित रूप से ठहराना और अनावश्यक भीड़ को रोकना है। प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ भी तैनात किया गया है। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी समय पर देने के लिए नियमित उद्घोषणाओं की व्यवस्था की गई है। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, खानपान स्टॉल और अन्य यात्री सुविधाओं की भी निगरानी की जा रही है।

सुरक्षा के लिए आरपीएफ की अतिरिक्त तैनाती

यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्टेशनों और रेलवे परिसरों में आरपीएफ के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ डॉग स्क्वाड की मदद से प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और संवेदनशील स्थानों की जांच की जा रही है। आरपीएफ जवान सुरक्षा के साथ भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सहायता में भी जुटे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak