khabar abhi tak

जबलपुर से दमोह लौट रहे परिवार की कार का पीछा, महिला से छेड़छाड़; विरोध पर पति और परिजनों से मारपीट

दमोह/जबलपुर। दमोह के देहात थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के कार सवार महिला से छेड़छाड़ और उसके पति व परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दमोह पासिंग कार में सवार लोगों ने जबलपुर से लौट रहे परिवार का तेजगढ़ से पीछा किया। आम चौपरा स्थित महाराजा पैलेस के पास आरोपियों ने उनकी कार रोककर महिला से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर पति और अन्य परिजनों के साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

तेजगढ़ से ही कर रहे थे पीछा

जानकारी के अनुसार, पीड़ित दंपती दो परिजनों के साथ कार से जबलपुर से दमोह लौट रहे थे। इसी दौरान तेजगढ़ से दमोह पासिंग स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोग उनका पीछा करने लगे। आरोपियों ने अपनी कार आगे-पीछे लगाकर परिवार को परेशान किया।

महिला का हाथ पकड़कर खींचा, विरोध पर मारपीट

सोमवार सुबह करीब 4 बजे जब परिवार आम चौपरा स्थित महाराजा पैलेस के पास पहुंचा, तो आरोपियों ने बायपास के पास अपनी कार पीड़ित परिवार के वाहन के आगे लगा दी। आरोप है कि एक आरोपी ने महिला का हाथ पकड़कर खींचा। पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।

चौकी में दिया आवेदन

घटना के बाद आरोपी मंडी की ओर भाग निकले। पीड़ित परिवार जबलपुर नाका चौकी पहुंचा और आवेदन देकर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद परिवार सागर की ओर रवाना हो गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak