किसानों ने कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपकर मूंग का बकाया भुगतान कराने और धान पंजीयन की तारीख बढ़ाने की मांग की। किसानों ने सवाल उठाया कि उनका अनाज कौन खरीदेगा। किसानों का कहना है कि डेढ़ साल पहले प्रदर्शन के बाद एमएलटी वेयरहाउस के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी, लेकिन अब तक मूंग का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दूसरे और आसपास के जिलों में धान पंजीयन की तारीख बढ़ाई गई है और पंजीयन जारी है, जबकि जबलपुर में इसे समय से पहले बंद कर दिया गया। किसानों के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में सर्वर डाउन रहने और ओटीपी नहीं आने से धान का पंजीयन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में सिंगल विंडो व्यवस्था बनाने की मांग की। इसके अलावा चक्रवाती तूफान से प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग भी की गई। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने किसानों का ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस विषय में चर्चा करने की बात कही। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी किसानों के साथ आंदोलन करेगी।
Tags
jabalpur