जबलपुर। जबलपुर में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन पर रजा एक्शन कमेटी द्वारा एक ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई है। इस ज्ञापन के जरिए अंजुमन इस्लामिया वक्फ मढ़ाताल में 27 नवंबर को प्रस्तावित आल इंडिया मुशायरा के आयोजन पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है। रजा कमेटी का स्पष्ट कहना है कि इस ऐतिहासिक वक्फ संस्था के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 26 व 27 नवंबर को कई कार्यक्रम रखे गए हैं, लेकिन मुशायरे के नाम पर संस्था के कोष से लाखों रुपयों का अपव्यय किया जा रहा है। कमेटी ने मुख्यमंत्री से इस फिजूलखर्ची पर तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। डेढ़ सदी पुरानी इस ऐतिहासिक शैक्षणिक संस्था ने हमेशा निर्धन बच्चों को दीनी तालीम और आधुनिक शिक्षा मुहैया कराकर सामाजिक उत्थान का कार्य किया है। संस्था का मूल उद्देश्य समाज के कमजोर तबके को संबल प्रदान करना और शिक्षा का विस्तार करना रहा है। रजा एक्शन कमेटी का तर्क है कि जश्न के नाम पर सार्वजनिक धन का मनोरंजन में इस्तेमाल करना संस्था की मूल भावना के सर्वथा विपरीत है। ज्ञापन में आग्रह किया गया है कि मुशायरे में खर्च की जाने वाली लाखों रुपयों की भारी-भरकम राशि को संस्था के शैक्षणिक और सामाजिक उद्देश्यों की पूर्ति में लगाया जाए, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिल सके।
Tags
madhyapradesh
