पुलिस के अनुसार पूर्वी करिया पाथर बाई का बगीचा घमापुर निवासी 52 वर्षीय प्रभाकर गायकवाड़ प्राइवेट काम करते हैं। बीती रात लगभग 9:45 बजे वे अपने काम से पैदल वापस घर जाने के लिए निकले, जब वे कल्लू साहू के घर के सामने से गुजर रहे थे, इस दौरान तीन बदमाश आए और प्रभाकर को धक्का देकर गिरा गया, वे सम्हल पाते इससे पहले एक ने गले से सोने की चैन लूटी और भाग निकला। प्रभाकर ने शोर मचाते हुए पीछा किया लेकिन लुटेरे भाग चुके थे। पुलिस ने प्रभाकर गायकवाड़ की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। इसी तरह सिविल लाइन प्रस्टीज अपार्टमेंट साउथ सिविल लाइन निवासी 27 वर्षीय प्रशांत जांगड़ा प्रधान डाक घर, जबलपुर में डाक सहायक के पद पर पदस्थ हैं। बीती शाम लगभग 7 बजे वे अपने घर से पैदल इलाहाबाद बैंक चौराहे की तरफ जा रहे थे। अभी वे सिविल लाइन गेट के ठीक सामने मुख्य सड़क पर पहुंचे ही थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात बदमाश तेज रफ्तार से आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चलती गाड़ी से ही प्रशांत के दाहिने हाथ पर झपट्टा मारा और उनके हाथ में रखा एप्पल कंपनी का कीमती मोबाइल लूटकर भाग निकले। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर बाइक सवार लुटेरों की तलाश तेज कर दी है।
Tags
jabalpur