
एआई आधारित फोटो
जबलपुर। सड़क दुर्घटना में ब्रेन डेड हुए धनवंतरीनगर के रहने वाले नरेन्द्र रजक के अंग अहमदाबाद भेजे गए हैं। अंगों को पहुंचाने के लिए मंगलवार के तड़के ग्रीन कॉरीडोर बनाया गया था। मेट्रो अस्पताल से डुमना एयरपोर्ट तक पुलिस और यातायात पुलिस के सहयोग से अंग ठीक समय पर पहुंुचकर हवाईजहाज से रवाना किया जा सका।
मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल नरेंद्र कुमार रजक निवासी धनवंतरी नगर एचसीएल कंपनी में कार्यरत थे। जिनकी ब्रेन स्टेम डेथ की पुष्टि होने के बाद उनके परिजनों ने दुख की इस घड़ी में अंगदान का निर्णय लिया था।
मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल के किडनी प्रत्यारोपण सर्जन डॉ राजेश पटेल ने बताया कि परिजनों की सहमति मिलने के बाद अंगदान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। हृदय एवं लिवर अहमदाबाद भेजने तथा दोनों किडनियों का जबलपुर में प्रत्यारोपण किए जाने की व्यवस्था की गई।
अंगदान की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अंगों को निर्धारित अस्पतालों तक सुरक्षित एवं शीघ्र पहुंचाने के लिए जबलपुर पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था संभालते हुए मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल से डुमना एयरपोर्ट तक लगभग 16-17 किलो मीटर तक एवं मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल से मेडिकल कॉलेज तक लगभग 8 किलो मीटर के क्रमशः 02 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए। अंगों को रात्रि 3.50 बजे ले जाया गया तथा प्रातः 4.10 बजे एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया तथा 4.29 बजे एयर एम्बुलेंस टेकऑफ होकर रवाना हुयी।