जबलपुर। मध्य प्रदेश विद्युत महिला मंडल द्वारा संचालित बालक मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, रामपुर में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की अध्यक्ष डॉ. अंजना तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने ऑटोमैटिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, एनिमल अलर्ट, भूकंप अलर्ट, मानव विकास, हाइड्रोलिक पावर सिस्टम, एयर प्यूरिफायर, सोनोग्राफी मशीन और मानव आंख सहित कई चलित एवं अचल मॉडल प्रदर्शित किए। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उसके वैज्ञानिक आधार की जानकारी दी। उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रस्तुति को अभिभावकों ने सराहा।
इस अवसर पर डॉ. अंजना तिवारी ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनियों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। ऐसे आयोजन उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मददगार होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने और नए प्रयोगों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया।सभी प्रतिभागियों को दिए प्रशस्ति पत्र
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न मॉडल प्रस्तुत करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कमेटी सदस्य भारती कुर्मा, राजेश्वरी पुरोहित, संध्या कर्नाड, ज्योति परवार और वंदना खरे मौजूद रहीं। आयोजन को सफल बनाने में प्रभारी शिक्षिकाओं का योगदान रहा।

