जबलपुर। सोनपुर से घाना के बीच मंगलवार रात एक हार्वेस्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक की मौत हो गई। हादसे में अन्य दो लोग जख्मी हो गए हैं। डॉक्टरों ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल रिफर किया है।
खमरिया पुलिस ने बताया कि डूंडी गांव के रहने वाले सुनील कुमार कुशवाहा ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि सोनपुर में एमपी ऑन लाईन की दुकान चलाता है। 10 नवम्बर को सोनपुर से घाना अपनी मोटर सायकिल से जा रहा था। दूसरी मोटर सायकिल सीडी डिलक्स क्रमांक एमपी 20 एमई 8093 में कार्तिक कुशवाहा, अंकित गोटिया एवं रंजीत कुशवाहा तीनों भी सोनपुर से घाना जा रहे थे। मोटर सायकिल कार्तिक कुशवाहा चला रहा था। वे उसके आगे चल रहे थे। मंगलवार रात करीब 08-15 बजे सोनपुर मोड़ से घाना रोड़ पुलिया के पास पहुंचे थे, तभी घाना तरफ से हार्वेस्टर क्रमांक एमपी 04 डीबी 2535 का चालक तेजी एवं लापरवाही से हार्वेस्टर चलाकर आया और उसके सामने मोटर सायकिल में चल रहे कार्तिक कुशवाहा की मोटर सायकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में कार्तिक कुशवाहा एवं अंकित गोटिया, रंजीत कुशवाहा तीनों मोटर सायकिल सहित रोड पर गिर गये। तीनों को चोटें आईं। कार्तिक को सिर, माथे में, नाक के पास, दोनों हाथ, सीने में एवं पैरों में अधिक चोटें आईं। मोटर सायकिल क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर कार्तिक कुशवाहा बेहोश हो गया था। तीनों को तत्काल ओएफके अस्पताल खमरिया लेकर गये थे। डॉक्टर ने अंकित गोटिया एवं रंजीत कुशवाहा को इलाज के लिए मेडिकल रेफर कर दिया। चिकित्सीय जांच करने के बाद कार्तिक कुशवाहा को मृत घोषित किया।
इसी तरह बुधवार को मार्बल सिटी अस्पताल से सूचना मिली कि 5 नवम्बर को मेन रोड़ बिचुआ पड़रिया खमरिया में भारत सिंह उईके को सड़क दुर्घटना में चोट लगने के कारण भाई मान सिंह ने अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया था। इलाज के दौरान भारत की मौत हो गई है। पुलिस ने शव पीएम के लिए मेडिकल भेजा। सूचना पर मर्ग कायम कर जंाच में लिया गया।
