जबतपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ एक महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि डॉक्टर करीब एक साल से उसे लगातार परेशान कर रहे थे। शिकायत के आधार पर लार्डगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला क्लर्क का आरोप है कि डॉक्टर उसके ऑफिस आने-जाने के दौरान पीछा करते थे। कई बार उसके केबिन में घंटों तक बैठे रहते थे। शुरुआत में उसने इन बातों को सामान्य समझा, लेकिन बाद में डॉक्टर के घर जाने के दौरान भी पीछा करने लगे। महिला का कहना था कि डॉक्टर मोबाइल पर मैसेज भेजकर प्यार का इजहार करते थे। आपत्तिजनक बातें लिखते थे। महिता ने कई बार डॉक्टर को ऐसा करने से मना किया, लेकिन कथित तौर पर उनकी हरकतें बंद नहीं हुई। परेशान होकर महिला ने अपने परिवार को पूरी बात बताई और परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला के भाई ने जब डॉक्टर को समझाने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर महिला के भाई के खिलाफ गाली गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मंगलवार रात महिला ने भी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
- महिला की शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अखिलेश गौर, सीएसपी
