जबलपुर। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता से बुधवार को मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर लंबित मांगों पर चर्चा की। संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुई इस बैठक में राजकुमार सैनी, अरुण मालवीय, अजय कश्यप, विनोद दास, लखन सिंह राजपूत और किशोर मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सभी पात्र आश्रितों को बिना शर्त अनुकंपा नियुक्ति देने, 15 वर्षों से कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों के सुरक्षित भविष्य हेतु मानव संसाधन नीति बनाने तथा संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग रखी। साथ ही लाइन कर्मचारियों को दीपावली से पहले बोनस, सुरक्षा उपकरण, 1000 रुपये जोखिम भत्ता और अवकाश दिवस में कार्य कराने पर दोगुना वेतन भुगतान का प्रस्ताव सौंपा। प्रबंध संचालक ने इन सभी गंभीर मुद्दों के शीघ्र निराकरण का ठोस भरोसा दिया।
