रेल संरक्षा संगोष्ठियों में शंटिंग और विंटर पेट्रोलिंग पर जोर, सतर्कता बरतने निर्देश
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में सुरक्षित रेल परिचालन को लेकर विभिन्न स्टेशनों पर संरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। इनमें फ्रंटलाइन रेलकर्मियों को परिचालन संबंधी सावधानियों, तकनीकी निगरानी और संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए।
संगोष्ठियों में शंटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, लोड को स्थिर करने और क्लियर करने की निर्धारित प्रक्रिया तथा टावर वैगन एवं टीटीएम मशीन की शंटिंग में परिचालन निर्देश 07/2026 का अनिवार्य रूप से पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सिग्नल आदान-प्रदान, लटकती वस्तुओं, फ्लैट व्हील और हॉट एक्सल की निगरानी तथा ओएचई से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
आगामी सर्दियों के मद्देनजर विंटर पेट्रोलिंग की आवश्यकता और डिस्कनेक्शन-रिकनेक्शन के दौरान निर्धारित संरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए। रेलकर्मियों को प्राधिकार पत्र (अथॉरिटी) सहित परिचालन से जुड़े सभी दस्तावेज नियमानुसार और त्रुटिरहित तैयार करने की हिदायत भी दी गई।पर्यवेक्षकों ने स्पष्ट किया कि रेल परिचालन से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और मादक पदार्थों का सेवन कर कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं होने के निर्देश दिए गए।
मंडल प्रशासन के अनुसार, संगोष्ठियों का उद्देश्य रेलकर्मियों के तकनीकी ज्ञान और कार्यकुशलता को बढ़ाने के साथ संरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी और जागरूकता को मजबूत करना है, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे।

