khabar abhi tak

8वें वेतन आयोग के सामने AIRF की अतिरिक्त बैठक की मांग, AIDEF 18 नवंबर को रखेगा मांगें

फेडरेशन ने चर्चा के लिए मांगे दो दिन, मेडिकल, ट्रैफिक और तकनीकी कर्मचारियों के मुद्दे उठाए

जबलपुर। 8वें वेतन आयोग के समक्ष रेलवे कर्मचारियों की मांगों और सेवा संबंधी मुद्दों को रखने के लिए ऑल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन (AIRF) ने दो अतिरिक्त दिन का समय मांगा है। फेडरेशन का कहना है कि 30 अक्टूबर को आयोग के साथ हुई करीब दो घंटे की बैठक में समय की कमी के कारण कई कर्मचारी वर्गों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा नहीं हो सकी थी। वहीं, ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयीज फेडरेशन (AIDEF) 18 नवंबर को आयोग के समक्ष अपनी मांगें रखेगा।

AIRF ने 10 अक्टूबर 2026 को आयोग को अपना विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद 30 अक्टूबर को आयोग की अध्यक्ष रंजना प्रकाश देसाई के साथ बैठक हुई। अब फेडरेशन ने मेडिकल, ट्रैफिक, मिनिस्ट्रियल और तकनीकी विभागों के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए कम से कम दो अतिरिक्त दिन निर्धारित करने का अनुरोध किया है।

इन कर्मचारी वर्गों की मांगों पर होगी चर्चा

AIRF चाहता है कि आयोग रेलवे के नॉन-गजेटेड मेडिकल कर्मचारियों और तकनीकी विभागों के सुपरवाइजरी स्टाफ की समस्याओं को सुने। इनमें ड्राइंग एवं डिजाइन, CMT, डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट और आईटी कैडर शामिल हैं।

इसके अलावा ट्रेन मैनेजरों को छोड़कर अन्य ट्रैफिक कंट्रोलर, स्टेनोग्राफर, स्टाफ एवं वेलफेयर इंस्पेक्टर, वर्क स्टडी इंस्पेक्टर और अकाउंट्स स्टाफ की मांगें भी रखी जाएंगी। कोलकाता मेट्रो रेलवे, RDSO और राजभाषा विभाग के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी चर्चा के एजेंडे में शामिल हैं।

कर्मचारियों का उचित प्रतिनिधित्व जरूरी

AIRF के मुताबिक, इन श्रेणियों में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी कार्यरत हैं और प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारियां तथा सेवा संबंधी समस्याएं अलग-अलग हैं। ऐसे में 8वें वेतन आयोग के समक्ष उनकी मांगों को विस्तार से रखना जरूरी है, ताकि वेतन और सेवा शर्तों से जुड़े मामलों पर उचित विचार हो सके।

फेडरेशन ने आयोग से अनुरोध किया है कि उसकी सुविधा के अनुसार किसी भी तारीख और समय पर कम से कम दो अतिरिक्त दिन की बैठक निर्धारित की जाए।

AIDEF कल रखेगा अपनी मांगें

इधर, ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयीज फेडरेशन (AIDEF) 18 नवंबर को 8वें वेतन आयोग के साथ बैठक करेगा। इसमें रक्षा कर्मचारियों के वेतन, पेंशन, भत्तों, बीमा और सेवा से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak