जबलपुर। वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री एवं नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमैन के संयुक्त महामंत्री अशोक शर्मा ने 8वें वेतन आयोग के समक्ष रेल कर्मचारियों की 14 सूत्रीय मांगें मजबूती से रखी हैं। संघ प्रवक्ता सतीश कुमार के अनुसार डॉ. एम. राघवैया के नेतृत्व में गठित प्रतिनिधिमंडल ने 30 अक्टूबर 2026 को आयोग को मांग-पत्र सौंपा। दिसंबर 2024 में संपन्न मान्यता चुनाव में कर्मचारियों के पूर्ण बहुमत से संघ को पूरे पश्चिम मध्य रेल की एकमात्र मान्यता प्राप्त यूनियन का दर्जा प्राप्त हुआ था। संगठन अध्यक्ष सी. एम. उपाध्याय एवं महामंत्री अशोक शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों के विश्वास पर खरा उतरने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। प्रस्तुत मांग पत्र में मूल वेतन, पेंशन, पदोन्नति, भत्ते और सेवा शर्तों से जुड़े अहम बिंदु शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही महिला कर्मचारियों के संगठन में प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शाखा में महिला पदाधिकारी तथा मंडल स्तर पर 1 अतिरिक्त उप मंडल महिला पदाधिकारी पद आरक्षित कर दिया गया है।
बेंचमार्किंग वेरी गुड से बदलकर गुड करने की मांग
वेतन आयोग के समक्ष कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन 69000 रुपए प्रतिमाह निर्धारित करने तथा 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग रखी गई है। वार्षिक वेतन वृद्धि की वर्तमान 3 प्रतिशत दर को बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने और न्यूनतम 10000 रुपए का वित्तीय लाभ तय करने की बात कही गई है। सेवाकाल में कम से कम 5 पदोन्नतियों का प्रावधान और महंगाई भत्ता 25 प्रतिशत पहुंचने पर उसे मूल वेतन में मर्ज करने का प्रस्ताव है। ओपन-एंडेड वेतनमान लागू करने के साथ रेलवे ड्यूटी की जोखिम भरी प्रकृति को देखते हुए अलग वेतन ढांचा बनाने की मांग की गई है। पेंशन सुधारों के तहत अंतिम वेतन का 67 प्रतिशत सामान्य पेंशन, 50 प्रतिशत पारिवारिक पेंशन और कम्यूटेशन की 15 वर्ष की वसूली अवधि घटाकर 11 वर्ष करने का आग्रह किया गया है। बंद किए गए भत्ते बहाल कर उनमें 3 गुना वृद्धि, रनिंग भत्ते की सीमा समाप्ति तथा एमएसीपी में एपीएआर बेंचमार्किंग वेरी गुड से बदलकर गुड करने की मांग रखी गई।
रनिंग रूम और कॉलोनियों में बुनियादी नागरिक सुविधाएं
रेलवे आवासों और कॉलोनियों में स्वच्छ पेयजल, नियमित सफाई, सुरक्षा, खेल मैदान, जिम और आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की आवश्यकता रेखांकित की गई है। रनिंग रूम में भोजन और विश्राम की गुणवत्ता सुधारने के साथ ही टीआई-रेस्ट हाउस को भी रनिंग रूम जैसी सभी सुविधाओं से सुसज्जित करने की मांग की गई है। लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर को ग्रेड पे 4800 तक पदोन्नति देने तथा रेलवे बोर्ड के आदेश क्रमांक 155/2022 के आधार पर 4800 व 5400 ग्रेड पे पाने वाले वरिष्ठ सुपरवाइजरों को राजपत्रित अधिकारी का दर्जा देने की मांग रखी गई। सीएलआई कैडर को भी इसमें शामिल करने और टिकट चेकिंग स्टाफ को रनिंग कैडर का दर्जा देने की बात उठाई गई। पॉइन्ट्समैन कर्मचारियों को उच्च गुणवत्ता के सेफ्टी गियर्स और नई कैडर रीस्ट्रक्चरिंग देने, सिग्नल एवं दूरसंचार कर्मियों को 8 घंटे की ड्यूटी के बाद रिलीवर स्टाफ और फेलियर अलाउंस देने का सुझाव भी शामिल है।
बीस वर्ष सेवा पर स्वतः एनओसी व्यवस्था लागू
कर्मचारियों के 20 साल की सेवा अवधि पूर्ण होने पर लंबित स्थानांतरण आवेदनों पर एचआरएमएस पोर्टल से ऑटोमैटिक एनओसी जारी करने की प्रणाली तैयार की गई है। 25 प्रतिशत जीडीसीई और एलडीसीई परीक्षाओं की अधिसूचना दिसंबर माह में आरआरसी से जारी की जाएगी। आरआरसी के माध्यम से 1600 ग्रुप डी पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और ट्रैक मेंटेनर्स का 10 प्रतिशत इनटेक कोटा भी जारी किया जाएगा। जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच हजारों कर्मियों को पदोन्नति मिली, जिनमें केवल दिसंबर 2025 में 800 से अधिक कर्मचारी शामिल रहे ताकि उन्हें 1 जनवरी 2026 से लागू 8वें वेतन आयोग में वेतन निर्धारण का लाभ मिले। 5400 ग्रेड पे तक टेक्निकल सुपरवाइजर्स को पदोन्नति दिलाई गई। एलडीसीई ओपन टू ऑल में एकमुश्त छूट से ट्रैक मेंटेनर सहित 52 कर्मचारी सहायक लोको पायलट बने। ट्रेन मैनेजर चयन में अन्य विभागों को अवसर देने का प्रस्ताव विचाराधीन है।
बच्चों की उच्च शिक्षा हेतु शिक्षण का भत्ता विस्तार हो
रेलवे कर्मियों के बच्चों को कक्षा 12वीं तक मिलने वाले चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस का दायरा बढ़ाकर स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर तक विस्तृत करने का सुझाव दिया गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत कर्मचारियों और उनके माता-पिता को पास एवं पीटीओ की सुविधा देने की मांग की गई। चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए रेलवे अस्पतालों में अनुबंधित डॉक्टरों के स्थान पर नियमित चिकित्सकों की स्थाई नियुक्ति और पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ तैनात करने पर बल दिया गया। ट्रैक मेंटेनर कैडर पुनर्गठन, 4200 ग्रेड पे तक पदोन्नति, आधुनिक ट्रैक प्रोटेक्शन एवं सेफ्टी डिवाइस उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। महिला ट्रैक मेंटेनर्स और महिला रनिंग स्टाफ को व्यावहारिक कठिनाइयों के आधार पर अन्य विभागों में समायोजित करने का विकल्प देने का आग्रह किया गया है। कार्य के घंटों में समानता, समान कार्य के लिए समान वेतन और जोखिम वाले कार्यों हेतु रिस्क एवं हार्डशिप अलाउंस की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
