जबलपुर स्थित हाईकोर्ट की मुख्य पीठ में जस्टिस विवेक अग्रवाल की अदालत ने पन्ना पुलिस की कार्रवाई और दर्ज मुकदमों की मंशा पर सवाल उठाए। इसके बाद अदालत ने दिव्या को जमानत दे दी। छतरपुर जिले के बिजावर की रहने वाली दिव्या वार्ड-9 से निर्दलीय पार्षद चुनी गई थीं। उनके पिता मुन्नालाल अहिरवार का निधन बचपन में हो गया था। इसके बाद मां गौरी बाई ने मजदूरी कर पांच बच्चों को पाला। दिव्या पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। वह एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं और गरीब बच्चों को मुफ्त कोचिंग भी पढ़ाती थीं। पार्षद बनने के बाद दिव्या ने वार्ड में सफाई नहीं होने पर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने वार्ड का कचरा इक_ा कर नगर परिषद कार्यालय के बाहर डाल दिया। इस पर नगर परिषद सीएमओ की शिकायत पर विजावर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। मां गौरी बाई के मुताबिक, यह दिव्या के खिलाफ दर्ज पहला मामला था। इसके बाद दिव्या केन-बेतवा लिंक परियोजना, मझगायां बांध और रुंझ सहित दूसरी परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के आंदोलन से जुड़ गईं। इन परिवारों की प्रमुख मांग उचित मुआवजा और पुनर्वास है।