जबलपुर। शेयर मार्केट में निवेश कर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का लालच देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सोमवार को पति-पत्नी के घर 30-35 लोग पहुंचे थे लेकिन करोड़ों रूपए बटोरकर दम्पति फरार हो गए थे। इस मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, वंदना अग्रवाल निवासी मां कॉम्प्लेक्स, नेपियर टाउन ने कैंट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। वंदना बुटिक का काम करती हैं। करीब तीन वर्ष पहले महिलाओं के कपड़ों के क्रय-विक्रय के सिलसिले में उनकी मुलाकात सदर कैंट निवासी रश्मि कौर से हुई थी। रश्मि ने उनसे कई बार कपड़े खरीदे और कपड़ों के निर्माण के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराने वाले कुछ अच्छे स्रोत भी बताए थे। इससे वंदना को अपने कारोबार में लाभ हुआ। दोनों के बीच मित्रतापूर्ण संबंध बन गए। शिकायत के मुताबिक, रश्मि कौर ने वंदना को बताया कि उसके पति मनवीर सिंह पाल शेयर मार्केट में रुपये निवेश करते हैं। हर महीने लगभग 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा कमाते हैं। मनवीर सिंह पाल ने भी बातचीत में इसी तरह के मुनाफे की बात कही। दोनों ने वंदना को भरोसा दिलाया कि शेयर बाजार में निवेश करना सुरक्षित है और वे उन्हें निश्चित मुनाफा दिला सकते हैं। शुरुआत में वंदना ने शेयर बाजार में रुपये लगाने से डर लगने की बात कही, लेकिन लगातार भरोसा दिलाए जाने पर वह निवेश के लिए तैयार हो गईं। आरोप है कि 2 मई 2024 को उन्होंने पहली बार दो लाख रुपये नकद रश्मि कौर को दिए। इसके बाद रश्मि उन्हें बताती रही कि उनके निवेश पर 15 से 20 प्रतिशत तक मुनाफा हो रहा है। उन्हें पांच प्रतिशत मासिक लाभ दिया जाएगा। आरोपियों ने समय-समय पर उन्हें बताया कि उनके दो लाख रुपये पांच महीने में बढ़कर ढाई लाख रुपये हो गए हैं। उनके निवेश से करीब 80 हजार रुपये का लाभ हुआ है। इस तरह बढ़ी हुई रकम का हिसाब बताकर आरोपियों ने उनका भरोसा बनाए रखा।
शिकायत में बताया गया कि वंदना ने 12 अक्टूबर 2024 को एक लाख 70 हजार रुपये दिए। इसके बाद 14 मई को रिश्तेदारों से ढाई लाख रुपये और 16 जून 2025 को छह लाख रुपये रश्मि के खाते में ट्रांसफर कराए। इसके अलावा 14 मई और 15 जून 2025 को 50 हजार तथा चार लाख रुपये रश्मि कौर और मनवीर सिंह पाल को दिए। 21 जून 2025 को ढाई लाख रुपये के साथ करीब पांच तोले वजन के सोने के कंगन भी सौंपे। वंदना ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों से भी रकम लेकर आरोपियों को दी थी। इसके बाद 15 मार्च 2025 को 10 लाख रुपये, 2 नवंबर 2025 को तीन लाख रुपये तथा 27 और 28 जुलाई 2026 को पांच लाख रुपये नकद और पांच लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से रश्मि कौर को दिए। वंदना के मुताबिक, पिछले दो-तीन महीनों से उनके रिश्तेदार निवेश की गई रकम मुनाफे सहित वापस मांग रहे थे। इसके बाद उन्होंने रश्मि कौर से अपने पैसे लौटाने के लिए कहा।
आरोप है कि रश्मि और मनवीर सिंह पाल ने शेयर बाजार में अच्छा उछाल आने की बात कहकर उन्हें कुछ समय और इंतजार करने की सलाह दी। जब उन्होंने पांच प्रतिशत मासिक मुनाफे के हिसाब से रकम लौटाने पर जोर दिया तो दोनों टालमटोल करने लगे। शिकायत के अनुसारए 16 नवंबर को रश्मि कौर ने फोन कर वंदना को अगले दिन अपने घर बुलाया और रकम लौटाने की बात कही।
करीब दो से तीन बजे वंदना रश्मि के घर पहुंचीं। वहां पहले से करीब 25 से 30 लोग मौजूद थे। बताया गया कि इन सभी लोगों ने भी रश्मि और मनवीर सिंह पाल को रुपये तथा अन्य कीमती सामान दिया था और उन्हें भी रकम लौटाने के लिए बुलाया गया था। वंदना को वहां जानकारी मिली कि रश्मि कौर और मनवीर सिंह पाल सभी के रुपये लेकर फरार हो गए हैं। अब किसी का फोन भी नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। कैंट थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान वंदना अग्रवाल के विस्तृत बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, जांच में शेयर मार्केट में निवेश और मुनाफे का झांसा देकर रकम लेने तथा मूलधन और मुनाफा वापस नहीं करने के संबंध में धोखाधड़ी सामने आने पर रश्मि कौर और उसके पति मनवीर सिंह पाल के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
