khabar abhi tak

आईटी पार्क रोड पर मौत बनकर दौड़ी एक्टिवा: डिवाइडर से टकराईं चार किशोरियां, 15 वर्षीय बच्ची की मौत, दूसरी गंभीर

जबलपुर. तिलवारा थाना क्षेत्र के आईटी पार्क रोड पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के समय एक्टिवा पर चार बच्चियां सवार थीं। घायल किशोरी को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह चार बच्चियां एक्टिवा से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान आईटी पार्क रोड पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी बच्चियां सड़क पर गिर गईं। हादसे में 15 वर्षीय किशोरी को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, 13 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल किशोरी को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना से परिवार में मातम छा गया।

सूचना पर पहुंची तिलवारा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया है। पुलिस एक्टिवा के अनियंत्रित होने और हादसे के अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak