कटनी। कटनी पुलिस ने किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपए के जेवर चुराने वाले गैंग के एक सदस्य को कोलकाता से गिरफ्तार किया। झारखंड के साहिबगंज निवासी बदरुद्दीन शाह को आज जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। आरोपी के पास से चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस उससे गैंग के बाकी सदस्यों और जेवरों के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच में पता चला कि बदमाशों ने तिजोरी काटकर जेवर चुराए थे। 12 नवंबर को गैंग ने बरगवां स्थित शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से जुटाए गए थे। एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपी बदरुद्दीन शाह को ट्रेस किया। शनिवार को उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर उसे कटनी लेकर आई। रविवार को जिला कोर्ट में पेश करने पर उसे पुलिस रिमांड मिल गया। गैंग के बाकी सदस्यों और जेवरों की तलाश-
पुलिस आरोपी से गैंग के दूसरे सदस्यों और चोरी किए गए जेवरों के बारे में पूछताछ कर रही है। फिलहाल उसके पास से चोरी का कोई सामान बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 12 करोड़ रुपए के जेवर कहां छिपाए गए हैं और वारदात में कितने लोग शामिल थे।
मुंबई से खरीदे पेचकस-पाना, कटनी से जुटाए औजार-
जांच में सामने आया कि गैंग ने वारदात के लिए अलग-अलग जगहों से औजार जुटाए थे। पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से लिए गए थे। वारदात के बाद पुलिस को शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी के पास गैस कटर, ऑक्सीजन और घरेलू गैस सिलेंडर मिले थे।
दीवार तोडऩे के लिए नीचे बिछाए पत्ते-
गैंग ने शोरूम के पीछे की ईंट की दीवार तोड़कर करीब 1.75 फीट का छेद बनाया था। दीवार तोड़ते समय आवाज दबाने के लिए उसके नीचे पत्ते बिछाए गए थे। इसी रास्ते से आरोपी शोरूम में दाखिल हुए। शोरूम संचालक मोहन बजाज ने भी इसकी पुष्टि की थी।