जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की पहल एवं मार्गदर्शन में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा पर्यवेक्षकों की प्रबंधकीय दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से तृतीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (Management Development Programme–MDP) का आयोजन 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक नेशनल ट्रेनिंग सेंटर, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, पंचमढ़ी (जिला नर्मदापुरम) में किया गया। पांच दिवसीय यह कार्यक्रम 16 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेल के विभिन्न विभागों के 39 पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यवेक्षकों की नेतृत्व क्षमता, प्रबंधकीय दक्षता, निर्णय लेने की क्षमता एवं कार्यकुशलता में वृद्धि करना था, ताकि वे अपने कार्यक्षेत्र में अधिक प्रभावी ढंग से दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इससे प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय, कार्य निष्पादन में सुधार तथा निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नीरज कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रबंधकीय दक्षता, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यों में प्रभावशीलता के महत्व पर प्रकाश डाला। उप महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार पटेल ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्रस्तुत किया। समापन समारोह में प्रबंधकीय विकास के महत्व पर बल दिया गया। अंत में सहायक उप महाप्रबंधक श्री नवीन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
पश्चिम मध्य रेल में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यवेक्षकों की कार्यक्षमता एवं नेतृत्व गुणों को विकसित करने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम रेलकर्मियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने और रेलवे के कार्यों में गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होंगे
.jpeg)