khabar abhi tak

केंद्र की योजनाओं पर नजर रखेंगे मंत्री-सांसद, MP में बनेगा नया सिस्टम

भोपाल। मध्य प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए भाजपा नया निगरानी तंत्र तैयार करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मंत्रियों की विशेष टीम बनेगी, जबकि केंद्र के प्रत्येक मंत्रालय के साथ प्रदेश के एक-एक भाजपा सांसद को जोड़ा जाएगा। सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेश प्रभारी बिप्लव देव की मौजूदगी में हुई भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। बैठक में राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन पर भी चर्चा हुई और पांच नामों का पैनल तैयार किया गया।

योजनाओं की निगरानी करेंगे मंत्री-सांसद

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत मंत्री, सांसद और अधिकारी आपसी समन्वय से केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएंगे। इसका लक्ष्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रदेश को केंद्र से मिलने वाली सहायता का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है। हालांकि, सिस्टम की कार्यप्रणाली का विस्तृत खाका अभी तैयार होना बाकी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सांसदों को केंद्रीय मंत्रालयों से जोड़ने की पहल इसी दिशा में की जा रही है।

जनप्रतिनिधियों के काम पोर्टल पर होंगे उपलब्ध

कोर ग्रुप की बैठक में सरकार के तीन साल के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों के साथ मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कामकाज को भी सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इससे सरकारी योजनाओं और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाई जा सकेगी।

केंद्रीय योजनाओं की निगरानी के साथ जनप्रतिनिधियों के कामकाज को सार्वजनिक करने की यह पहल आगामी चुनावों के मद्देनजर सरकार और संगठन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा भी मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak