जबलपुर. विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र को दो नई मेमू ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है। नागौद में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रेलमंत्री वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर दोनों ट्रेनों को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में सतना सांसद गणेश सिंह और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा भी मौजूद रहेंगे। दोनों ट्रेनों को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच रवाना किया जाएगा।
नागौद-सतना और चुरहट-रीवा के बीच चलेंगी ट्रेनें
एक मेमू ट्रेन नागौद से देवेन्द्रनगर होते हुए सतना तक चलेगी, जबकि दूसरी चुरहट से रीवा के बीच संचालित होगी। इन ट्रेनों से सतना, रीवा, पन्ना और सीधी क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। देवेन्द्रनगर से चुरहट के बीच करीब 166 किलोमीटर के रेलखंड पर आवागमन आसान होगा। दोनों ट्रेनें 25 अक्टूबर से नियमित समय-सारणी के अनुसार चलाने की तैयारी रेल प्रशासन द्वारा की जा रही है.
सड़क पर निर्भर यात्रियों को मिलेगा रेल विकल्प
अब तक पन्ना और सीधी जिले के कई इलाकों के यात्रियों के लिए सड़क मार्ग ही आवागमन का प्रमुख साधन रहा है। नई मेमू ट्रेन सेवाएं शुरू होने से यात्रियों को रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा। इससे यात्रा के समय और खर्च में बचत होने की उम्मीद है। नई रेल सेवाओं से विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा।
