khabar abhi tak

मध्यप्रदेश में कोचिंग सेंटरों पर कसेगा शिकंजा, फीस से लेकर सुरक्षा तक के नियम तय

भोपाल। मध्यप्रदेश में कोचिंग सेंटरों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए राज्य सरकार ने नई नियमावली का प्रारूप जारी किया है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी मध्यप्रदेश कोचिंग केंद्र (पंजीयन एवं विनियमन) नियम, 2026 में संस्थानों के पंजीयन, फीस में पारदर्शिता, शिक्षकों की योग्यता, विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिकायतों के निराकरण को लेकर कई प्रावधान प्रस्तावित किए गए हैं।

प्रस्तावित नियमों के तहत कोचिंग सेंटरों को अपनी वेबसाइट पर फीस, कोर्स, शिक्षकों की योग्यता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन इंतजाम जरूरी होंगे। वहीं, पढ़ाई के तनाव से जूझ रहे विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य और करियर काउंसलिंग की व्यवस्था भी करनी होगी।

90 दिनों में पंजीयन के लिए करना होगा आवेदन

प्रस्तावित नियमों के अनुसार, कोचिंग संचालकों को व्यवस्था लागू होने के 90 दिनों के भीतर पंजीयन के लिए आवेदन करना होगा। पंजीयन तीन साल के लिए वैध रहेगा, जिसके बाद उसका नवीनीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन किसी दूसरे व्यक्ति या संस्था को हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। एक ही संस्थान की अलग-अलग शाखाओं के लिए भी स्वतंत्र पंजीयन कराना होगा।

वेबसाइट पर बतानी होगी फीस और शिक्षकों की योग्यता

कोचिंग संस्थानों को अपनी वेबसाइट पर संचालित कोर्स, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, फीस का पूरा विवरण, शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता, उपलब्ध सुविधाओं और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी देनी होगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को दाखिले से पहले संस्थान के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराना है।

सीसीटीवी के साथ सुरक्षा और निजता का भी ध्यान

विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए कोचिंग परिसर में निर्धारित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे। हालांकि, शौचालय, चेंजिंग रूम और परामर्श कक्ष जैसे संवेदनशील स्थानों पर रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा संस्थानों को पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के इंतजाम करने होंगे। आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा का प्रावधान भी प्रस्तावित है।

ट्यूटर के लिए ग्रेजुएट होना जरूरी

प्रारूप में ट्यूटर की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है। इसके साथ ही कुछ श्रेणियों के व्यक्तियों की नियुक्ति पर प्रतिबंध लगाने का प्रावधान है। कोचिंग संस्थानों को प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मचारियों के साथ मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए योग्य परामर्शदाताओं की व्यवस्था भी करनी होगी।

विद्यार्थियों को मिलेगी मानसिक स्वास्थ्य और करियर काउंसलिंग

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान विद्यार्थियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को देखते हुए नियमित परामर्श सत्र और अभिभावकों के साथ संवाद की व्यवस्था पर जोर दिया गया है। संस्थानों को राज्य सरकार की मानसिक स्वास्थ्य नीति के अनुरूप विद्यार्थियों की समस्याओं की पहचान कर उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना होगा।

जाति-धर्म के आधार पर बैच बनाने पर रोक

प्रस्तावित नियमों के तहत प्रवेश और शिक्षण प्रक्रिया में धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग या जन्मस्थान के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकेगा। इन आधारों पर विद्यार्थियों के अलग-अलग बैच बनाने की भी अनुमति नहीं होगी। शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर विद्यार्थियों को अलग करने से बचने पर जोर दिया गया है। विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए दिव्यांग-अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षकों को उनकी जरूरतों के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रावधान भी शामिल है।

पंजीयन रद्द होने पर 30 दिन में कर सकेंगे अपील

यदि किसी कोचिंग सेंटर का पंजीयन या नवीनीकरण आवेदन खारिज होता है अथवा उसका पंजीयन निलंबित या रद्द किया जाता है, तो संचालक को अपील का अधिकार मिलेगा। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, आदेश की सूचना मिलने के 30 दिनों के भीतर संभागायुक्त के समक्ष अपील की जा सकेगी। अपील का निपटारा 45 दिनों के भीतर करने का प्रावधान रखा गया है।

विद्यार्थियों और अभिभावकों को क्या होगा फायदा?

नियम लागू होने पर दाखिले से पहले फीस, शिक्षकों की योग्यता, सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी मिल सकेगी। साथ ही शिकायतों के निवारण, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और करियर मार्गदर्शन के लिए औपचारिक व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों के कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाना, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना और संचालकों की जवाबदेही तय करना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak