khabar abhi tak

रांझी की मिठाई दुकानों में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ जांच से मचा हड़कंप




जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर मिलावटी व दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रांझी क्षेत्र के 3 प्रमुख मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई इस जांच कार्रवाई के दायरे में न्यू बप्पा स्वीट्स, गांधी स्वीट्स और बीकानेर स्वीट्स आए। जांच दल ने इन तीनों दुकानों से मिठाइयों एवं नमकीन के कुल 10 संदिग्ध नमूने विधिवत जब्त किए। अधिकारियों ने दूषित सामग्री नष्ट कराकर संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा कानून के तहत वैधानिक नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पूरी की।

​कारखाने में गंदगी मिलने पर संचालक को नोटिस

​अमित गुप्ता के अनुसार न्यू बप्पा स्वीट्स के निर्माण कारखाने में निरीक्षण के दौरान भारी अस्वच्छता पाई गई। स्टोर रूम की पड़ताल करने पर वहां सड़ा हुआ 3 किलो अदरक और 15 किलो सड़ी गोभी रखी मिली, जिसे अधिकारियों ने तुरंत मौके पर ही फिंकवाकर नष्ट करवा दिया। कारखाने में मानकों की अनदेखी और गंदगी पाए जाने के कारण इस दुकान के संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस थमाया गया है। इसके साथ ही इस संस्थान से ड्राई फ्रूट बर्फी, खोवा बर्फी, केशर पेड़ा तथा कलाकंद के नमूने लिए गए।

​नमूने जांच हेतु राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे

​जांच अभियान के अंतर्गत गांधी स्वीट्स से कराची हलुआ, पतिसा और चकली के सैंपल लिए गए, जबकि बीकानेर स्वीट्स से कलाकंद, केशर पेड़ा और पतिसा के नमूने सील किए गए। खाद्य सुरक्षा दल द्वारा एकत्रित किए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भोपाल से प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित व्यापारियों पर नियमानुसार कठोर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और बाजार में यह सघन निगरानी लगातार सक्रिय रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak