जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी में 27 से 28 अक्टूबर तक 48 वीं अंतरक्षेत्रीय विद्युत रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित हुई। फाइनल मुकाबले में श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया (खंडवा) ने केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर को 2-0 से हराकर खिताब जीता, जबकि जबलपुर उपविजेता रहा। इस आयोजन में मेजबान सारनी, टोंस जल विद्युत गृह सिरमौर, इंदौर, उज्जैन, सागर, भोपाल और ग्वालियर सहित कुल 9 टीमों ने हिस्सेदारी की। उपविजेता टीम में लालमन कुशवाहा, संजय सिंह, राकेश यादव, क्रिस्टोफर नरोन्हा, सूर्यभान वर्मा, अरुण सिंह, शुभमकांत बरमैया, संतोष द्विवेदी, अरुण तिवारी, दीपक कुमार पाठक, हरि सिंह व पुनीत अग्रवाल शामिल रहे। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के जनसंपर्क कर्मी रावेन्द्र कुमार वर्मा थे। केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव फिरोज कुमार मेश्राम, खेल सचिव द्वय नितिन खत्री, एमसी बलोधी और कार्यालय प्रभारी संजय आनंद ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
मैदान पर गूंजी ताकत की जोरदार रोमांचक जंग
शुरुआती दौर के मुकाबलों में जबलपुर के खिलाड़ियों ने भोपाल और ग्वालियर की टीमों को एकतरफा शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल चक्र में जबलपुर ने सतपुड़ा सारनी को बाहर का रास्ता दिखाया, वहीं सिंगाजी दोंगलिया ने उज्जैन को मात देकर खिताबी जंग में जगह बनाई। अंतिम मैच में सिंगाजी ताप विद्युत गृह के मजबूत पहलवानों का पलड़ा भारी रहा और उन्होंने सीधे 2 सेट जीतकर ट्राफी अपने नाम कर ली। तीसरे स्थान के लिए हुए कड़े संघर्ष में उज्जैन ने मेजबान सतपुड़ा सारनी को परास्त कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
