पुलिस के अनुसार नई बस्ती कजरवारा निवासी अमन चौधरी उम्र 28 वर्ष बीती रात एक बजे के लगभग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल होकर कजरवारा से ग्वारीघाट जाने के लिए निकला। जुलूस जब मछली मार्केट सदर पहुंचा तभी शनि बघेल, गौरव यादव व अंशु झारिया शराब के नशे में आए और जुलूस में डांस करते हुए धक्का मुक्की करने लगे। अमन ने धक्का लगने पर तीनों को नाचने से मना करते हुए जाने को कहा। इस बात पर तीनों युवक भड़क गए और अमन के साथ मारपीट शुरु कर दी। अमन ने विरोध किया तो चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में अमन के हाथ व पैर में चोटें आई। जुलूस में चाकूबाजी होते देख शामिल युवकों में अफरातफरी मच गई, इस बीच तीनों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना की खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और घायल को अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।