khabar abhi tak

रानीताल फ्लाईओवर पर बदमाशों का आतंक, चाकूबाजी के बाद फायरिंग; एक की हालत गंभीर


जबलपुर। रानीताल फ्लाईओवर पर मंगलवार रात शराब के लिए रुपए नहीं देने पर बदमाशों ने दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपियों ने दोनों से 6 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। लार्डगंज थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

फ्लाईओवर के पास दो बाइकों से पहुंचे आरोपी

अन्ना मोहल्ला निवासी मोहम्मद अथर अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह निजी नौकरी करता है। मंगलवार रात वह अपने छोटे भाई मोहम्मद अली हुसैन के साथ मंडी में चाय पीने गया था। रात करीब 11:30 बजे दोनों एक्सिस वाहन से घर लौट रहे थे। रानीताल फ्लाईओवर के पास साहू मोहल्ला निवासी सत्या सिंह राजपूत, सत्यम साहू और वीरू समेत पांच युवक दो बाइकों से पहुंचे और उन्हें रोक लिया।

2 हजार रुपए मांगे, विरोध पर चाकू से हमला

अथर के मुताबिक, आरोपियों ने शराब पीने के लिए 2 हजार रुपए मांगे। दोनों भाइयों ने रुपए देने से इनकार किया और वहां से निकलने लगे। इसी दौरान सत्या ने अथर पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों ने बचकर भागने की कोशिश की, तो आरोप है कि सत्यम ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से अली हुसैन जमीन पर गिर पड़ा।

4 हजार रुपए अथर से, 2 हजार भाई से लूटे

अथर ने आरोप लगाया कि बदमाश उसके पास रखे 4 हजार और अली हुसैन के पास रखे 2 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अथर के पैर में चाकू लगा है, जबकि अली हुसैन की हालत गंभीर बताई गई है।

अथर ने आरोप लगाया कि हमले में शामिल युवक पहले भी लूट और मारपीट की वारदातों में शामिल रहे हैं। एएसआई मनोज गोस्वामी के मुताबिक, घायलों की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak