khabar abhi tak

पमरे महाप्रबंधक का सघन दौरा, रेल परियोजना को मिली नई गति



जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने आज सतना–देवेन्द्र नगर रेलखंड के न्यू कमीशनिंग कार्यों की मैदानी समीक्षा की, जहां बरेठिया, फुलवारी, नागोद और देवेन्द्र नगर स्टेशनों पर अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहकर, प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविन्द कुमार रजक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एम. एस. हाशमी, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मुकेश, मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कलामे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रिंस विक्रम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय राहुल जयपुरियार और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खान की मौजूदगी में शेष निर्माण और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर तय समय सीमा में कार्य निपटाने की रूपरेखा तय की।

​सकरिया और बरेठिया से माल लदान की तैयारी

​दौरे के दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों और रेल अफसरों के साथ बैठक कर बरेठिया तथा सकरिया में बनने वाले नए गुड्स शेड की जमीनी हकीकत जानी गई। इन दोनों स्थानों पर मालगाड़ियों के सुगम संचालन, लोडिंग-अनलोडिंग प्लेटफॉर्म और पहुंच मार्ग जैसी बुनियादी जरूरतों पर चर्चा हुई। व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से माल परिवहन के ढांचागत विकास को तेजी से धरातल पर उतारने की रणनीति तय की गई। इससे क्षेत्रीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक भेजने में व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा और रेल राजस्व में भी बढ़ोतरी दर्ज होगी।

​मुसाफिरों की बुनियादी सहूलियतों पर विशेष जोर

​स्टेशनों के निरीक्षण में यात्रियों के सुरक्षित आवागमन, स्वच्छ परिसर, बैठने के प्रबंध और स्पष्ट सूचना प्रणाली से जुड़े मानकों की पड़ताल की गई। सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल बनाकर आधुनिक सुविधाओं को शीघ्र सक्रिय करने को कहा गया, ताकि ट्रेन परिचालन शुरू होते ही क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल नेटवर्क का सीधा लाभ मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak