khabar abhi tak

दुर्गात्सव पर हादसों पर लगाम, जबलपुर में खंभों से कटे अवैध तार,देखें वीडियो




जबलपुर
। नवरात्र और दशहरा पर्व को करंट की दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के लिए विद्युत विभाग ने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। अधीक्षण अभियंता सिटी, संजय अरोरा के अनुसार, इस व्यापक सुरक्षा अभियान का नेतृत्व मुख्य अभियंता सरोज गिरिया, अधारताल एसडीएम एमबी रघुवंशी, तहसीलदार रंजना यादव और नगर निगम कार्यपालन यंत्री लोनारे ने किया। अभियान के तहत 30 विशेष टीमों ने शहर के तंग रास्तों और भारी भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में एक साथ उतरकर बिजली के खंभों पर बेतरतीब फैले डिस्क केबल के खतरनाक मकड़जाल को काटने की बड़ी कार्रवाई की। साथ ही खुले डीपी व ट्रांसफार्मर के इर्द-गिर्द सुरक्षा तार की जाली लगाई गई ताकि कोई अनहोनी न हो।

​पंडालों में अर्थिंग जांचने दिन-रात जुटीं टीमें

​पिछले एक हफ्ते से मैदानी अमला दो पालियों में विभाजित होकर लगातार काम कर रहा है। दिन के समय तकनीकी दल शहर भर के ढीले तारों और लटकती केबलों को कसकर तय ऊंचाई तक उठा रहा है। इसके साथ ही खंभों के कटआउट, फ्यूज और उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत पूरी की जा रही है। अंधेरा घिरते ही विभागीय कर्मचारी पूजा पंडालों का रुख करते हैं। वहां आयोजकों को वैध अस्थाई बिजली कनेक्शन की रसीद लेने, पंडाल की बनावट को ओवरहेड लाइनों से सुरक्षित दूरी पर रखने तथा मजबूत अर्थिंग अनिवार्य रूप से कराने के नियम समझाए जा रहे हैं।

​संवेदनशील इलाकों से हटी जानलेवा केबलों की भीड़

​कार्रवाई के दौरान शहर के ऐसे तंग बाजारों को प्राथमिकता दी गई जहां झांकियों के दर्शन के लिए पैर रखने की जगह नहीं बचती। बिजली के खंभों पर निजी संचार कंपनियों और केबल ऑपरेटरों द्वारा बिना अनुमति लपेटे गए तारों के गुच्छे कई जगह नीचे झूल रहे थे। यह भारी भीड़ और देवी प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस के दौरान करंट फैलने या आग लगने की सबसे बड़ी वजह बन सकते थे। तकनीकी अमले ने कटर की मदद से इन अवैध तारों को पोल से अलग कर रास्ते साफ किए। इसके अलावा दुर्घटना संभावित 100 से अधिक ट्रांसफार्मरों को लोहे के तारों से घेरकर सुरक्षित कर दिया गया है। शहर भर में यह एहतियाती निगरानी उत्सव के समापन तक जारी रहेगी।

सभी क्षेत्रों में चलेगा अभियान:अरोरा

नवरात्रि के पावन पर पर हादसे ना हों,इसके लिए हम पूरी कोशिश कर रहे हैं और अभी कुछ इलाकों में अभियान चलाया गया है शेष क्षेत्रों में भी अभियान इसी तरह से पूरा किया जाएगा। आम लोगों से अपील है कि वह बिजली विभाग के साथ सहयोग करें।

संजय अरोरा, अधीक्षण यंत्री, सिटी, जबलपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak