khabar abhi tak

त्यौहार में शौचालयों की बदहाली देख भड़के महापौर, दो एजेंसियों पर सवा लाख का जुर्माना




जबलपुर। शारदीय नवरात्र और विजय दशहरे के दौरान बाहर से आ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने शास्त्री ब्रिज, नागरथ चौक, सिविक सेंटर और ज्योति टॉकीज स्थित सार्वजनिक प्रसाधन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, उपायुक्त संभव अयाची, कार्यपालन यंत्री व होर्डिंग शाखा प्रभारी शैलेंद्र कौरव, प्रभारी सुनील दुबे, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी और आनंद राव मौजूद रहे। पीपीपी मोड के शौचालयों में ताले, अवैध कब्जे और गंदगी मिलने पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाया। प्रशासन ने सागरदीप एजेंसी को अनुबंध समाप्ति का नोटिस देकर 1 लाख रुपए और सुलभ इंटरनेशनल पर 25 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। साथ ही होर्डिंग प्रभारी, सीएसआई और एसआई को नोटिस थमाए। दौरे के वक्त नगर निगम के अपने शौचालय साफ-सुथरे मिले, लेकिन निजी एजेंसी के प्रसाधन परिसरों में लोग रहते मिले और वहां कचरा जमा था। इस बदहाली पर संबंधित सुपरवाइजर का एक दिन का वेतन काटने का फैसला हुआ। निगम प्रशासन ने क्षेत्रीय सीएसआई और एसआई को आदेश दिया है कि वे शहर के सभी सामुदायिक और सार्वजनिक प्रसाधनों की स्थिति परखकर 2 दिन में विस्तृत रिपोर्ट सौंपें।

​24 घंटे में व्यवस्था सुधारकर प्रसाधन केंद्र चालू करने की मोहलत

​त्योहारों के ऐतिहासिक चल समारोह में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए महापौर ने एजेंसियों को पूरी व्यवस्था सुधारने के लिए 24 घंटे का अंतिम समय दिया है। तय समय सीमा में ताले खोलकर सफाई नहीं होने पर आगे और कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि दर्शनार्थियों और आम जनता को बुनियादी नागरिक सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak