जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता ने छतरपुर जिले के खजुराहो में सागर संभाग के सागर, टीकमगढ़ एवं छतरपुर वृत्तों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य महाप्रबंधक (प्रवर्तन) श्री पी.के. क्षत्रिय, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) एम.ए. कुरैशी, मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य) एस.के. निगम, मुख्य महाप्रबंधक ए. के.तिवारी, मुख्य अभियंता एस.आर. यमदे, अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य) पी.के. अग्रवाल, महाप्रबंधक नीरज कुचिया तथा तीनों वृत्तों के अधीक्षण अभियंता एवं संबंधित मैदानी अधिकारी शामिल हुए। बैठक का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्र में आगामी त्योहारों एवं रबी की खेती के दौरान बिजली वितरण व्यवस्था को दुरुस्त रखना, व्यवस्थागत सुधार करना और विभिन्न संगठनात्मक प्राथमिकताओं को धरातल पर समयबद्ध तरीके से अमलीजामा पहनाना था।
त्योहारी सीजन में निर्बाध आपूर्ति और त्वरित सुधार
प्रबंध संचालक ने मैदानी अमले को निर्देश दिया कि आगामी फसलों की सिंचाई और पर्वों के समय ग्रामीण तथा शहरी उपभोक्ताओं को निरंतर करंट मिलता रहे। वितरण नेटवर्क की सतत निगरानी रखी जाए और यदि कहीं ट्रांसफार्मर जलता अथवा तकनीकी रूप से बैठता है, तो उसे तय समयावधि के भीतर तत्काल बदला जाए। किसी भी दशा में लापरवाही के कारण आम जनता या किसानों को अंधेरे का सामना न करना पड़े। व्यवस्था को पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाए रखने के लिए तकनीकी दल चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर फॉल्ट सुधारने का दायित्व संभालेंगे।
राजस्व वृद्धि और सघन ग्रामीण विद्युतीकरण पर जोर
लाइन लॉस घटाने के लिए विद्युत चोरी और अनधिकृत कनेक्शनों पर प्रवर्तन दलों द्वारा कठोर दंडात्मक अभियान चलाया जाएगा। पुराने बिजली बिलों की वसूली तेज कर कंपनी की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लक्ष्य तय किए गए हैं। इसके अतिरिक्त वर्क प्लान एवं एसएसटीडी से जुड़े बुनियादी ढांचे के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। कंपनी अब ऐसे सभी दूरस्थ मजरों, टोलों व बस्तियों का नया सर्वे करा रही है जहाँ 5 या 5 से अधिक मकान स्थित हैं, ताकि उन वंचित बस्तियों में लाइनें खींचकर शत-प्रतिशत घरों को रौशन किया जा सके। सभी विभागीय विंग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए तय समय-सीमा में निर्धारित लक्ष्य हासिल करेंगे।
