जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिला के झलोन ग्राम पंचायत की सरपंच पिछले कई दिनों से अचानक लापता हो गई है, जबलपुर में जिला पंचायत सीईओ से पंचायत सचिव पर लगभग 40 लाख रुपये के भ्रष्टाचार की शिकायत करने शहर पहुंची थी, शिकायत के बाद से वह घर नहीं लौटी है, जिससे जहां परिजन परेशान हैं, वहीं हड़कम्प की स्थिति भी बनी हुई है.
महिला सरपंच के परिजनों के मुताबिक, दोनों 8 अक्टूबर को पंचायत में कथित गड़बडिय़ों की शिकायत करने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के पास जबलपुर गए थे। 9 अक्टूबर को उन्होंने बरगी विधानसभा के पूर्व विधायक संजय यादव से भी मुलाकात कर शिकायत की। इसके बाद 10 अक्टूबर को बेटे ने फोन लगाया तो पिता का मोबाइल बंद मिला। सोमवार तक दोनों के घर नहीं लौटने से परिवार की चिंता बढ़ गई।
महिला सरपंच ने पंचायत सचिव पर लगाया है गंभीर आरोप
महिला सरपंच लक्ष्मीबाई ने पंचायत सचिव पुष्पराज सिंह पर विकास कार्यों में गड़बड़ी, राशि निकालने के लिए ओटीपी लेने और विरोध करने पर धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके पति का दावा है कि पंचायत से 30 से 40 लाख रुपए निकल चुके हैं, लेकिन गांव में विकास कार्य नहीं हुए।
