दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह में एक बंद कमरे में पति का शव फंदे से लटका मिला, वहीं पत्नी गंभीर हालत में जमीन पर लहूलुहान मिली। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। महिला को गंभीर चोट के कारण जबलपुर रेफर किया गया है। मृतक की पहचान सुरेश अहिरवार (28) और घायल पत्नी की पहचान अंजू अहिरवार (25) के रूप में हुई है।
खिड़की से देखा तो फंदे पर लटका था बेटा
मृतक के पिता भद्दी अहिरवार ने बताया कि सुबह देर तक जब बेटा और बहू कमरे से बाहर नहीं आए तो उन्होंने इंतजार किया। कोई आहट न मिलने पर पत्नी ने खिड़की से अंदर झांका। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बेटा फंदे पर झूल रहा था और बहू लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ी थी। परिजनों ने तुरंत रनेह थाना पुलिस को सूचना दी।
पिता बोले- दोनों के बीच सबकुछ सामान्य था
परिजन के अनुसार, सुरेश और अंजू की शादी चार महीने पहले हुई थी। पांच दिन पहले ही सुरेश अपनी पत्नी को मायके से विदा कराकर लाया था। पिता ने बताया कि दोनों के बीच कोई पुरानी अनबन नहीं थी और सब कुछ सामान्य चल रहा था। हालांकि, उन्होंने आशंका जताई कि रात में शायद दोनों के बीच कोई विवाद हुआ होगा।
प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खुलवाया। गंभीर रूप से घायल अंजू को तत्काल हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद दमोह जिला अस्पताल और फिर सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने जबलपुर रेफर कर दिया।
पत्नी के होश में आने पर खुलेगा राज
रनेह थाना प्रभारी नितेश जैन के मुताबिक, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। महिला के सिर में गंभीर चोट है और वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। परिजनों को भी विवाद की स्पष्ट वजह नहीं मालूम। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है, महिला के बयान के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
