कोटा. राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के आठ यात्रियों की जान चली गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए. हादसा सीमलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब एमपी से जयपुर जा रही एक ट्रैवलर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी.
सीमलिया थाना अधिकारी नंद सिंह ने बताया कि ट्रैवलर ने कराडिय़ा टोल प्लाजा पार किया था और सुल्तानपुर की ओर बढ़ रही थी. उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैवलर के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई. स्पीड अधिक होने के कारण वाहन से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया. सड़क पर लगे मजबूत डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया के बीच से सीधे नीचे नाले में जा गिरी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
इस सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 15 लोग घायल है. इनमें कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और इन लोगों को 20 फ़ीट नीचे नाले से बाहर निकल गया है. जहां से घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया है.
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े. सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस, एनएचएआई की रेस्क्यू टीम और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं. ट्रैवलर 20 फीट गहरे नाले में फंसी हुई थी, जिससे यात्रियों को बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिसकर्मियों और बचाव दल ने एक-एक कर यात्रियों को नाले से सुरक्षित ऊपर निकाला.
अस्पताल में मची अफरातफरी
हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 4 गंभीर घायलों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. घायलों में से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बैतूल से जा रहे थे खाटू श्याम
ट्रैवलर में सवार अधिकांश लोग मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी हैं. यह लोग बैतूल से ही शुक्रवार रात को सीकर के रींगस स्थित खाटू श्याम जी जाने के लिए निकले थे. दुर्घटना के तत्काल बाद कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर भी घटना स्थल पर पहुंच गए. पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी ली.
इन 8 लोगों की हुई है मौत
मरने वाले आठ लोगों में वैष्णवी, तृषा, अरुणा, कृष्णा, अनीता, ओम सूर्यवंशी और ड्राइवर अज्ञात है. इनके शव को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में रखा गया है, जबकि एक रानू बोड़वे की मौत एमबीएस में हो गई है. रानू मध्य प्रदेश के भोपाल के राजीव नगर निवासी है. घायलों में हेमलता गायकवाड, अजय, वंशिका मोनिशा, चित्रेश और सारांश शामिल हैं. इनका उपचार मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में चल रहा है, जबकि एमबीएस में चेतन, क्रिश्वी, वैदेही, नीलू गुडके, संतोष वर्षा और कमलेश हैं. मृतक और घायल सभी लोग आपस में रिश्तेदार और पारिवारिक दोस्त हैं
