जबलपुर। मंडला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मंजूर कराने के बदले 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा पर जबलपुर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शिकंजा कस दिया है। ईओडब्ल्यू ने जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद भ्रष्टाचार निवारण कानून की धारा 7(ए) के तहत कार्रवाई की है।बताया गया है कि ग्राम पंचायल पड़रिया नारायण गंज जिला मंडला निवासी अमन गुप्ता ने अपनी मां शशि गुप्ता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मंजूर करने के लिए आवेदन दिया था, जिसपर पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा ने 5 हजार रुपए मांगे थे। इस मामले की शिकायत अमन गुप्ता द्वारा ईओडब्ल्यू में की गई। ईओडब्ल्यू ने जांच में पाया कि अभिषेक शर्मा ने अमन गुप्ता से रिश्वत मांगी थी। जांच के बाद ईओडब्ल्यू ने सचिव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। ईओडब्ल्यू के अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे भी जारी रहेगी और तथ्य सामने आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।