जबलपुर। अधारताल के रहवासी क्षेत्रों में चोरियों को अंजाम देने वाले दो शातिर युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लाख रूपए के जेवरात जब्त किए हैं।
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि अधारताल क्षेत्र में चोरियों की वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला शुरू कर दिया और मुखबिर तंत्र को मजबूत किया था। फुटेज की छानबीन में मौके पर दो युवक संदिग्ध हालत में पाए गए थे। युवकों की छानबीन करने पर पुलिस के हाथ ठक्कर ग्राम निवासी संदीप दीप घसिया लगा। संदीप ने चोरियों को कबूल करते हुए अपने साथी अनूप कुमार उर्फ चिंटू का खुलासा किया। पुलिस ने चिंटू के बताए ठिकाने पर उसे गिरफ्तार किया।
टीआई का कहना है कि पुलिस पूछताछ में चिंटू मूलतः भिलाई का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 7 लाख रूपए के जेवरात जब्त किए, जो दोनों ने अपने घरों में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चुराये हुये सोने की 2 अंगूठी, 1 नाक की नथ, 1 बेंदी वजनी लगभग 25 ग्राम तथा चांदी का करधन, 6 चूड़ी, 6 जोड़ी पायल, 8 सिक्के, 1 लाकेट 3 छत्र, 1 मूर्ति, 1 बेडी, 9 नग बिछिया, 5 नग बेलपात्र, वजनी लगभग 1500 ग्राम जब्त किया।

