जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में भेड़ाघाट–भिटोनी रेलखंड स्थित समपार फाटक क्रमांक 308 (दिघौरा गेट) पर अनुरक्षण कार्य के चलते सड़क यातायात पांच दिनों तक बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन ने वाहन चालकों से इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, दिघौरा गेट पर अप और डाउन रेल पटरियों का आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाना है। इसके चलते 30 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से 3 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे तक समपार फाटक क्रमांक 308 से सड़क यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सहजपुर और सिहोदा गांव के रास्ते जा सकेंगे वाहन
फाटक बंद रहने के दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं के आवागमन के लिए दो वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वाहन चालक समपार फाटक क्रमांक 307 (सहजपुर) और समपार फाटक क्रमांक 309 (सिहोदा गांव) से आवागमन कर सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही, यातायात संबंधी निर्देशों का पालन कर अनुरक्षण कार्य में सहयोग करें।
