जबलपुर/मंडला। मंडला के निवास में आज उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा आटो अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरी खाई में गिर गया, हादसे में आटो में सवार 12 श्रद्धालुओं को चोटें आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकालकर शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर तीन महिलाओं की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम डुंगरिया निवासी करीब 12 श्रद्धालुजन आज आटो में बैठकर नर्मदा स्नान करने के लिए निकले। आटो जब बसगढ़ी घाट से आगे बढ़ रहा था। इस दौरान ऑटो के ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क से नीचे करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। ऑटो के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर राह चलते लोग रुक गए, वहीं स्थानीय लोग भी पहुंच गए, जिन्होने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची ने लोगों की मदद से खाई में पड़े घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर एम्बुलेंस से निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। वहीं तीन महिलाओं की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। मेडिकल अस्पताल में डाक्टरों ने हालत को देखते हुए भरती कर इलाज शुरु कर दिया।