khabar abhi tak

बालाघाट-सिवनी-भोपाल बस , झिर्री घाट में अनियंत्रित होकर सड़क से उतरी, 14 घायल, 3 गंभीर

छिंदवाड़ा। जिले के दमुआ क्षेत्र में झिर्री घाट के पास शनिवार सुबह बालाघाट-सिवनी से भोपाल जा रही एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पोल से टकरा गई। हादसे के समय बस में 17 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में 14 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। स्थानीय लोगों के अनुसार, 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना देने के बावजूद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद लोगों ने निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

चार क्षेत्रों में 108 एंबुलेंस खराब होने का दावा

हादसे के बाद आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि दमुआ, जुन्नारदेव, परासिया और तामिया क्षेत्रों में 108 एंबुलेंस खराब पड़ी हैं। इस संबंध में सेवा के समन्वयक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, घायलों की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak