जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले ने जबलपुर स्थित सभी विद्युत कंपनियों के मानव संसाधन एवं प्रशासन प्रमुखों की बैठक लेकर शक्ति भवन परिसर में वाहन खड़े करने को लेकर सख्त हिदायत दी है। उन्होंने अफसरों को अपने स्टाफ की गाड़ियों को तय जगह पर ही खड़ा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस फैसले पर अमल के लिए कार्यपालक निदेशक फिरोज कुमार मेश्राम ने सुरक्षा विंग को कड़े कदम उठाने के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रबंधन का यह नया फरमान तुरंत प्रभाव से अमल में आ चुका है, जिससे मुख्यालय का पूरा यातायात सुगम और नियंत्रित हो सके।
सड़क पर रोक,केवल तय जगह पर पार्किंग
मुख्यालय की अंदरूनी मुख्य सड़क पर किसी भी सूरत में गाड़ियां खड़ी करने की मनाही रहेगी, ताकि आवागमन बिल्कुल न रुके। सभी कर्मचारियों को अपनी दो पहिया और चार पहिया गाड़ियां चिन्हित पार्किंग जोन में ही रखनी होंगी। दूसरी तरफ बाहर से काम के सिलसिले में आने वाले आगंतुकों या अन्य व्यक्तियों के वाहनों को परिसर के भीतर ले जाने की इजाजत नहीं मिलेगी। ऐसे सभी वाहनों के लिए बाउंड्री से बाहर अलग जगह मुकर्रर की गई है। केवल बेहद जरूरी या आपात हालात में ही बाहरी वाहन अंदर जा सकेंगे।
48 घंटे पहले हटेगी लंबे समय खड़ी गाड़ी
परिसर के भीतर किसी भी गाड़ी को 24 घंटे से ज्यादा वक्त तक लगातार खड़ा रखने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। अगर कोई वाहन 24 घंटे से ज्यादा समय तक लावारिस हालत में खड़ा मिला, तो प्रशासन उसके खिलाफ तुरंत विधिक कार्रवाई शुरू करेगा। तय सीमा पार होते ही सुरक्षा अमला संबंधित पुलिस थाने की मदद से वाहन को जब्त करवाकर वहां से हटवा देगा। इस कानूनी कार्रवाई के दौरान वाहन की टूट-फूट, हिफाजत, जब्ती और छुड़ाने से जुड़े सारे खर्च एवं जिम्मेदारियां सीधे गाड़ी मालिक की होंगी।
