पुलिस के अनुसार सरसेला गांव तारादेही जिला दमोह निवासी रमेश पटेल उम्र 60 वर्ष को आज सुबह चार बजे के लगभग सांप ने डस लिया। रमेश पटेल की चीख पुकार सुनकर परिजन उठकर गए और रमेश को तेंदूखेड़ा स्थित स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजन मेउिकल कालेज पहुंचे ही थे कि घर से फोन आया कि पोती दुर्गा उम्र दस वर्ष को भी सांप ने काट लिया है। परिवार के सदस्य तत्काल दुर्गा को तेंदूखेड़ा अस्पताल ले गए, जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा, गांव में भी सुबह से मातम छा गया। वहीं दूसरी ओर जबलपुर के मेडिकल कालेज में भरती रमेशपटेल की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।