जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के वाणिज्य विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत श्री आनंद कुमार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और अनुशासन के दम पर सीनियर राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 120 किलोग्राम भार वर्ग की डेडलिफ्ट स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह एवं खेलकूद संघ के अध्यक्ष श्री मनोज गुरुमुखी तथा सचिव श्री जी.पी. शिव नारायण ने आनंद कुमार पटेल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में श्री पटेल ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता ने न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पश्चिम मध्य रेलवे सहित जबलपुर रेल मंडल का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने श्री पटेल की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में हर संभव सहयोग एवं सहायता का आश्वासन दिया।
