जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांगठनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 3 सदस्यीय ट्रस्ट समिति का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन को इस समिति का मुख्य संयोजक बनाया है। समिति में जबलपुर जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा और राघवेंद्र गौतम को सदस्य मनोनीत किया गया है। यह समिति पार्टी संगठन से संबंधित तमाम ट्रस्ट कार्यों की देखरेख करेगी। जबलपुर के प्रमुख नेताओं को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी हर्ष देखा जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद आशीष दुबे और जिला अध्यक्ष रनेश सोनकर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
संगठन के विशेष कार्यों को गति मिलेगी
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जारी आदेश के तहत यह नवनिर्मित इकाई संगठन के सभी परिसंपत्ति एवं वैधानिक ट्रस्ट दायित्वों का विधिवत संपादन सुनिश्चित करेगी। विधायक अशोक रोहाणी और विधायक अभिलाष पांडे ने भी इस निर्णय का पुरजोर स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों का मानना है कि इस नई संरचना से संगठनात्मक व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।
जनप्रतिनिधियों ने दी मनोनयन पर बधाई
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी, श्रीकांत साहू तथा डॉ. वाणी अहलूवालिया ने सभी पदाधिकारियों को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके साथ ही जिले के समस्त मंडल अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी इस संगठनात्मक नियुक्ति पर प्रसन्नता जताई है।
