जबलपुर। हनुमानताल थानान्तर्गत शास्त्री वार्ड में बिजली के तार हटाने को लेकर उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया। जिसमें पार्षद पति मतीन अंसारी के रिश्तेदारों ने मोनू खान के साथ जमकर मारपीट कर दी। मामले में मोनू खान ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया है कि शास्त्री वार्ड में मोनू खान के घर के सामने बिजली का तार गिर गया था। इस बात खबर मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी तार सुधारने पहुंचे थे और तार जोड़ते समय वह घर से सट गया था। तभी मोनू के बड़े पिता शाहिद सिद्दीकी ने क्षेत्रीय पार्षद के पति मतीन अंसारी से तार घर से अलग करवाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर मतीन अंसारी के रिश्तेदार आबिद अंसारी ने गाली-गलौज करते हुए मोनू के साथ हाथ-घूंसों से मारपीट शुरु कर दी। मारपीट होते देख आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने बीच बचाव कर मोनू अलग कर लिया। मारपीट में मोनू के पेट में गंभीर चोट आई है। घायल मोनू से परिजनों के साथ देर रात थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।