जबलपुर। रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा सफाई कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से स्टेशन पर सर्वश्रेष्ठ सफाई कर्मचारी का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे निरंतर एवं महत्वपूर्ण कार्यों को प्रोत्साहित करना तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ सफाई कर्मचारी को श्रीफल, शॉल एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान स्टेशन पर कार्यरत अन्य सफाई कर्मचारियों का भी उत्साहवर्धन किया गया तथा स्वच्छता कार्यों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में स्टेशन निदेशक किशोर देवारे, स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) रविकान्त कुमार एवं स्वास्थ्य निरीक्षक श्री ज्ञानेन्द्र उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
इस सम्मान से सफाई कर्मचारियों में उत्साह एवं हर्ष का माहौल बना। कर्मचारियों ने भी स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अपने कार्यों को पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ करने की भावना व्यक्त की।
