khabar abhi tak

नई कटनी जंक्शन के डिपार्चर यार्ड में आधुनिक पोर्टल लाइटिंग से बढ़ी रोशनी

रात्रिकालीन रेल परिचालन एवं कर्मचारियों की कार्यदक्षता और सुरक्षा में होगा सुधार

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल द्वारा रेल परिसरों में बेहतर कार्य वातावरण, सुरक्षित रेल संचालन एवं कर्मचारियों की कार्यदक्षता बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नई कटनी जंक्शन के डिपार्चर यार्ड में पोर्टल लाइटिंग का कार्य (PH-42) सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है।

डिपार्चर यार्ड में पूर्व में प्रकाश व्यवस्था अपेक्षाकृत कम होने के कारण रात्रिकालीन कार्यों के दौरान पर्याप्त रोशनी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए यार्ड में 11 पोर्टल बूम स्ट्रक्चर पर कुल 130 आधुनिक फ्लड लाइटें स्थापित की गई हैं। प्रत्येक फ्लड लाइट की क्षमता 160 वाट है। इस आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से डिपार्चर यार्ड में रात्रि के समय पर्याप्त एवं समान रूप से प्रकाश उपलब्ध होगा।

नई पोर्टल लाइटिंग व्यवस्था से यार्ड में दृश्यता में उल्लेखनीय सुधार, रात्रिकालीन कार्यों में सुविधा तथा कर्मचारियों की कार्यदक्षता एवं सुरक्षा में वृद्धि होगी। पर्याप्त प्रकाश के कारण रेल परिचालन से जुड़े कार्यों की निगरानी एवं निष्पादन अधिक सुगमता और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। साथ ही कार्यस्थल पर बेहतर रोशनी से कर्मचारियों के लिए अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।

यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर श्री कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में पूर्ण किया गया। कार्य को निर्धारित समय से कम अवधि में पूर्ण कराने में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता श्री वीरेंद्र कुमावत का प्रभावी समन्वय एवं सक्रिय भूमिका रही।

नई कटनी जंक्शन के डिपार्चर यार्ड में पोर्टल लाइटिंग कार्य को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने में मंडल विद्युत अभियंता श्री जे.एस. पाल एवं वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजवीर सिंह तथा उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा तकनीकी दक्षता, समर्पण एवं कुशल कार्यप्रबंधन के साथ कार्य को निर्धारित अवधि से भी कम समय में पूर्ण किया गया।

जबलपुर मंडल द्वारा किए गए इस कार्य से नई कटनी जंक्शन के डिपार्चर यार्ड में रात्रिकालीन कार्यों की गुणवत्ता, कार्यदक्षता एवं सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी। यह पहल सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जबलपुर मंडल के निरंतर प्रयासों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak