khabar abhi tak

इंग्लिश लैंग्वेज के पेपर में आउट ऑफ सिलेबस सवाल, परीक्षा केंद्र पर मचा बवाल



जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में परीक्षा व्यवस्था की भारी चूक सामने आई है। शनिवार सुबह 11 बजे शुरू हुई एमए इंग्लिश चतुर्थ सेमेस्टर के इंग्लिश लैंग्वेज द्वितीय प्रश्न पत्र में छात्रों को सिलेबस से बाहर का पर्चा थमा दिया गया। जैसे ही परीक्षार्थियों के हाथ में सवाल आए, वे दंग रह गए क्योंकि पूरा पेपर चतुर्थ की जगह तृतीय सेमेस्टर के पाठ्यक्रम से तैयार किया गया था। शहर के एनईएस कॉलेज परीक्षा केंद्र में मौजूद सभी 50 परीक्षार्थियों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए पर्चा हल करने से मना कर दिया। छात्रों ने लिखित शिकायत देकर परीक्षा कक्ष छोड़ दिया। इससे पूर्व 24 सितंबर को भी प्रथम प्रश्न पत्र में ऐसी ही गड़बड़ी हुई थी।

​गलत प्रश्न पत्र मिलने से केंद्र पर अफरातफरी

​परीक्षा कक्ष में पर्चे बंटने के चंद मिनटों के भीतर ही विद्यार्थियों ने सवालों पर आपत्ति दर्ज कराई। प्रश्न पत्र में शामिल प्रत्येक सवाल उनके मौजूदा पाठ्यक्रम से पूरी तरह बाहर पाया गया। केंद्र प्रबंधन ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल विवि के उच्च अधिकारियों से संपर्क साधा। गुस्साए विद्यार्थियों ने स्पष्ट कहा कि लगातार दूसरी बार उनके भविष्य से ऐसा खिलवाड़ हुआ है।

​रोल नंबर दर्ज कर परीक्षार्थियों से लिया आवेदन

​एनईएस कॉलेज के परीक्षा केंद्र प्रभारी व प्रबंधन ने बताया कि विवि प्रशासन से दिशा-निर्देश मिलने के बाद सभी 50 छात्रों के रोल नंबर विधिवत दर्ज किए गए। इसके उपरांत उनका संयुक्त लिखित आवेदन विवि को भेजने की कार्रवाई की गई। छात्रों को बिना पर्चा हल किए जाने की अनुमति प्रदान कर दी गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak