khabar abhi tak

जबलपुर में भी राहुल गांधी के छात्रों की गूंज का होगा आयोजन, इंदौर से भव्य आयोजन की तैयारी शुरू

जबलपुर. एमपी की आर्थिक नगरी इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को मिली जबर्दस्त सफलता के बाद अब कांग्रेस पार्टी प्रदेश के लगभग सभी बड़े शहरों में राहुल गांधी का युवाओं से संवाद कार्यक्रम कराने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में खबर सामने आई है कि, कांग्रेस अगला कार्यक्रम संस्कारधानी जबलपुर में कराने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने जबलपुर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर ताजा अपडेट साझा किया है।

कांग्रेस के प्रवक्ता मुकेश नायक ने अपडेट देते हुए कहा कि, इंदौर में कार्यक्रम की सफलता के बाद अब जल्द ही राहुल गांधी कार्यक्रम के तहत जबलपुर आएंगे और यहां भी छात्रों के साथ वो सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार, पार्टी जबलपुर में इंदौर से बड़ा कार्यक्रम करेगी। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। जल्दी ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और तारीख का ऐलान किया जाएगा।

इंदौर में 2 लाख से अधिक छात्र के शामिल होने का दावा

इंदौर में 19 सितंबर को छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें राहुल गांधी ने छात्रों से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे मुद्दों पर संवाद किया था। कांग्रेस ने इंदौर के साथ साथ आसपास के क्षेत्रों से करीब 2 लाख से अधिक युवाओं के कार्यक्रम में आने का दावा किया था। इंदौर में कार्यक्रम को मिली सफलता के बाद अब इसे प्रदेश के लगभग सभी बड़े शहरों में कराने की तैयारी की जा रही है। इसी के चलते अब कांग्रेस इस कार्यक्रम को जबलपुर में करने जा रही है।

जबलपुर सहित प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में लाइव स्ट्रीम हुआ था

हालांकि, इंदौर में आयोजित 19 सितंबर वाले कार्यक्रम का देशभर के सभी शहरों में अलग अलग स्थानों पर लाइव स्ट्रीम भी किया गया था। जबलपुर में भी कार्यक्रम काअलग-अलग इलाकों में सीधा प्रसारण हुआ था। जिला कांग्रेस कमेटी ने जबलपुर में शाम 5 बजे से बिग बाजार, गुलौआ चौक, शास्त्री नगर, छोटी लाइन चौक, कोतवाली, मदन महल थाना इलाके, दमोह नाका, बिलहरी, पनहरा पेट्रोल पंप, व्हीकल मोड़, रद्दी चौकी और घमापुर समेत कई स्थानों पर प्रसारण की व्यवस्था की थी। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ युवा, छात्र और स्थानीय लोग शामिल हुए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak