![]() |
जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के सिवनी परीक्षण एवं संचार वृत्त द्वारा 220 केवी सबस्टेशन छिंदवाड़ा में तकनीकी प्रशिक्षण सह भ्रमण सत्र आयोजित हुआ। इस विशेष कार्यशाला में प्रशिक्षु सहायक अभियंताओं, कनिष्ठ अभियंताओं तथा सबस्टेशन परिचारकों को बिजली ग्रिड के सुरक्षित संचालन के गुर सिखाए गए। तकनीकी सत्र में अधीक्षण अभियंता एन.एस. लोधी, कार्यपालन अभियंता दीपक कुमार पारधी, सहायक अभियंता एस.आर. निम्बुरकर और सहायक अभियंता दिनेश पवार ने व्याख्यान दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने नए तकनीकी अमले को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों, बिजली परमिट व्यवस्था, ग्रिड ट्रिपिंग की आपात स्थितियों में तुरंत उठाई जाने वाली सावधानियों एवं न्यूमेरिकल रिले से फॉल्ट रिपोर्ट के सटीक विश्लेषण के तौर-तरीके समझाए। सभी नवागंतुक तकनीकी कर्मियों को बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के व्यावहारिक नियम बताए गए।
विशाल ट्रांसफॉर्मर स्थापना और फॉल्ट जांच के तरीके
कार्यशाला के दूसरे हिस्से में 200 एमवीए क्षमता के 220/132/33 केवी पावर ट्रांसफॉर्मर की नींव रखने, उसकी टेस्टिंग तथा फाइनल कमीशनिंग से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं की बारिकियां साझा की गईं। नए कर्मियों ने यह जाना कि उच्च दबाव वाले उपकरणों को ग्रिड से कैसे सुरक्षित जोड़ा जाता है।
आधुनिक डिजिटल नेटवर्क और बैटरी रखरखाव का अभ्यास
अभियांत्रिकी दल को फोटे एवं स्काडा ऑटोमेशन नेटवर्क के साथ बिजली बैकअप देने वाले बैटरी चार्जर का रख-रखाव सिखाया गया। प्रशिक्षण सत्र की समाप्ति पर सभी शिक्षार्थियों ने विशाल यार्ड का भ्रमण कर कंट्रोल रूम के विभिन्न कलपुर्जों को खुद देखकर जमीनी अनुभव जुटाया।
