khabar abhi tak

त्योहारों की बहार : अक्टूबर में नवरात्रि-दशहरा से लेकर करवा चौथ तक, नोट कर लें शुभ तिथियों की पूरी लिस्ट

नई दिल्ली. सितंबर का महीना समाप्त होने की कगार पर है और त्योहारों की सौगात लेकर आने वाला पावन अक्टूबर माह शुरू होने जा रहा है। साल भर भक्तों और आम लोगों को अक्टूबर और नवंबर के महीनों का बेसब्री से इंतजार रहता है, क्योंकि यह समय उत्सवों, उपवास और भक्तिमय माहौल का होता है। धार्मिक दृष्टिकोण से अक्टूबर 2026 बेहद खास और पुण्यदायी रहने वाला है, जिसमें शक्ति उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्रि, असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा, संतान की रक्षा का जितिया व्रत और सुहागिनों का सबसे बड़ा त्योहार करवा चौथ एक के बाद एक मनाए जाएंगे।

11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि, 20 को मनेगा दशहरा और 29 को करवा चौथ

अक्टूबर के पहले पखवाड़े में जहां पितृ पक्ष का समापन होगा, वहीं 11 अक्टूबर को घटस्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना के 9 दिवसीय पर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ होगा। 19 अक्टूबर को महाष्टमी व महानवमी का पूजन होगा, जबकि 20 अक्टूबर को विजयादशमी यानी दशहरा का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। सुहागिन महिलाओं के अखंड सौभाग्य का महापर्व करवा चौथ 29 अक्टूबर को रखा जाएगा। इसके अलावा महीने की शुरुआत 3 अक्टूबर को जीवित्पुत्रिका (जितिया) व्रत से होगी, 6 अक्टूबर को इंदिरा एकादशी, 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या, 22 अक्टूबर को पापांकुशा एकादशी, 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा और 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।

अक्टूबर में 4 बड़े ग्रहों की चाल बदलेगी, राशियों पर दिखेगा असर

ज्योतिषीय दृष्टिकोण से भी अक्टूबर 2026 बेहद उथल-पुथल और महत्वपूर्ण बदलावों वाला साबित होने वाला है। इस महीने चार प्रमुख ग्रह अपनी चाल बदलेंगे और राशि गोचर करेंगे, जिसका सीधा प्रभाव सभी 12 राशियों के जातकों के करियर, कारोबार, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन पर देखने को मिलेगा।

महीने की शुरुआत में 1 अक्टूबर को बुध ग्रह राहु के स्वाति नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, वहीं 3 अक्टूबर को ऐश्वर्य व सुख के कारक शुक्र ग्रह वक्री (उल्टी चाल) हो जाएंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर को ग्रहों के राजा सूर्य देव अपनी नीच राशि तुला में प्रवेश करेंगे। 24 अक्टूबर को बुध ग्रह वक्री चाल शुरू करेंगे और महीने के आखिरी दिन यानी 31 अक्टूबर को ज्ञान व भाग्य के दाता देवगुरु बृहस्पति कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे। ग्रहों के इन बड़े फेरबदल से देश-दुनिया की राजनीति, अर्थव्यवस्था और जनमानस पर गहरा असर पडऩे की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak