जबलपुर. मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 195वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में मंडल के शाखा अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री तलरेजा ने उपस्थित शाखा अधिकारियों को सरकारी कामकाज का अधिकाधिक निष्पादन हिंदी भाषा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग एवं कार्यान्वयन पर जोर दिया।
गुरूवार 24 सितम्बर को आयोजित बैठक के प्रारंभ में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश कुमार कलामे ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभय कुमार गुप्ता सहित मंडल के अन्य अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि हम सभी को संघ की राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने अधिकाधिक सरकारी कामकाज को हिंदी में करें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इसके पश्चात अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश कुमार कलामे द्वारा महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल के हिंदी दिवस संदेश-2026 का वाचन किया गया। तत्पश्चात राजभाषा अधिकारी श्री गुन्नार सिंह ने मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव के रूप में समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट प्रस्तुति के बाद अधिकारी प्रश्नमंच का आयोजन किया गया।
यह प्रश्नमंच मंडल में मनाए जा रहे राजभाषा माह-2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। प्रश्नमंच का संचालन राजभाषा अधिकारी श्री गुन्नार सिंह द्वारा किया गया। बैठक के माध्यम से मंडल में सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा संघ की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अधिकारियों की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
