जबलपुर। जबलपुर में बढ़ते अपराधों के खिलाफ युवक कांग्रेस ने आज एसपी आफिस का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में घमापुर से रैली के रुप में एसपी आफिस पहुंचे, जहां पर प्रदर्शन कर नारेबाजी कर अंदर घुसने की कोशिश की, जिसपर पुलिस से झड़प हो गई। इस बीच पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। वहीं कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदर्शनकारी शहर में हत्या, लूट, चाकूबाजी और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। युवा कांग्रेस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए एसपी ऑफिस के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि जबलपुर में हत्या और लूट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ रहा है। आम लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचते हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं होती और आवेदन लेकर उन्हें भटकाया जाता है। अपराधियों के साथ है पुलिस की सांठगांठ-
यश घनघोरियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की अपराधियों से सांठगांठ के कारण अपराध बढ़ रहे हैं। घनघोरिया ने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस आगे और बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों से सांठगांठ करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी संगठन आवाज उठाएगा।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, वाटर कैनन से खदेड़ा
एसपी कार्यालय के घेराव को देखते हुए पुलिस ने कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया था। प्रदर्शनकारी जब बैरिकेडिंग पार कर अंदर जाने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया और वाटर कैनन चलाया। पानी की बौछारों के बीच कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति नियंत्रित की।